बस्ती। भाजपा द्वारा चलाए जा रहे “महिला जन आक्रोश अभियान” के तहत सोमवार को जिले में राजनीतिक माहौल गरमा गया। रुधौली एवं कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र की महिला कार्यकर्ताओं ने भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र के नेतृत्व में सपा सांसद के आवास का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। महिलाओं ने हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लेकर विरोध प्रदर्शन करते हुए महिला सम्मान और सुरक्षा के मुद्दे पर अपनी आवाज बुलंद की।
धरने को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक संजय प्रताप जायसवाल ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ गांव गांव तक पहुंच रहा है, जिससे महिलाओं का सामाजिक और आर्थिक स्तर मजबूत हुआ है।
पूर्व प्रत्याशी संगीता जायसवाल ने कहा कि भाजपा सरकार ने महिलाओं के उत्थान के लिए कई ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं। उज्ज्वला योजना से महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली, वहीं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान ने बेटियों के प्रति समाज की सोच बदलने का कार्य किया है।
जिला उपाध्यक्ष शालिनी मिश्र ने कहा कि महिला जन आक्रोश अभियान महिलाओं की आवाज को मजबूती देने का अभियान है।
कार्यक्रम का संचालन और संयोजन सुमन सिंह ने किया।प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए महिला सुरक्षा और सम्मान के समर्थन में अपनी एकजुटता दिखाई।
इस अवसर पर शिवांगी सिंह, प्रियंका पांडेय, वीना पांडेय, रंजना, मंजू देवी, शीला, मुनकी देवी, रेखा, नीलम गौड़, राधिका, सरिता, पुष्पा गौतम, पूनम गुप्ता, सावित्री देवी, लक्ष्मी देवी, अनीता समेत बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहीं।

Post a Comment
0Comments